दूरदर्पण न्यूज़ से ब्यूरो चीफ सुल्तान अहमद खास रिपोर्ट
उन्नाव। शनिवार को स्वामित्व योजना के तहत घरौनी वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिले के निराला प्रेक्षा गृह में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का स्वामित्व प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई इस योजना का लाभ लोगों तक पहुंचाया गया। बता दे कि कार्यक्रम में डीएम गौरांग राठी और सीडीओ प्रेम प्रकाश मीणा ने योजना के महत्व और उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वामित्व योजना ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने और स्वामित्व प्रमाण पत्र (घरौनी) वितरित करने की एक अनूठी पहल है। इसके तहत ग्रामीणों को उनकी जमीन और घर का स्वामित्व प्रमाण पत्र दिया जा रहा है, जिससे वे अपनी संपत्ति को लेकर किसी प्रकार की अनिश्चितता या विवाद से मुक्त हो सकें। उन्नाव के 1522 गांवों में इस योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें पात्र लाभार्थियों को घरौनी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। निराला प्रेक्षा गृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा, जिले की सभी तहसीलों और ब्लॉकों में भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से स्वामित्व योजना के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि घरौनी प्रमाण पत्र मिलने से ग्रामीणों को अपनी संपत्ति पर अधिकार मिलेगा, जिससे वे अपनी संपत्ति का उपयोग बैंक से ऋण लेने, व्यापार शुरू करने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में कर सकते हैं। डीएम गौरांग राठी ने बताया कि इस योजना के तहत ग्रामीणों की संपत्ति की ड्रोन सर्वे के जरिए मैपिंग की गई है। इससे संपत्ति के विवाद खत्म होंगे और लोगों को कानूनी तौर पर अपने घर और जमीन का मालिकाना हक मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि लोगों को उनकी संपत्ति के दस्तावेज मिलने से वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी लाभार्थियों के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों को योजना के लाभों के बारे में जागरूक किया गया और घरौनी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वामित्व योजना के तहत घरौनी वितरण कार्यक्रम से ग्रामीणों में खुशी और संतोष का माहौल देखा गया। यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति अधिकारों को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति को समाप्त करने और लोगों को स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
