दूरदर्पण न्यूज़ महावीर यादव

लखनऊ। आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई ASAP ने रविवार को NEET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के हित में बड़ा कदम उठाते हुए जिलाधिकारी लखनऊ के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मांग की कि 21 जून को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा के मद्देनजर प्रदेश के सभी अभ्यर्थियों के लिए 20 और 21 जून को रोडवेज बस यात्रा निशुल्क की जाए। ASAP पदाधिकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में राहत दी जानी चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि हजारों छात्र-छात्राएं दूरदराज जिलों से परीक्षा देने आते हैं और बस किराए का अतिरिक्त बोझ उन पर पड़ता है। ज्ञापन सौंपने के दौरान ASAP के प्रदेश महासचिव अनीत रावत ने कहा कि सरकार यदि यह सुविधा लागू करती है तो लाखों छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा और परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का मनोबल भी बढ़ेगा। इस अवसर पर अंशुल यादव, पवन कुमार वर्मा, अर्पण यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
