दूरदर्पण न्यूज़ महावीर सिंह यादव
यूपीएससी छात्रा गैंगरेप मामले में दो आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में यूपीएससी की छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम यादव और सनी यादव पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपी जौनपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर छात्रा को होटल में बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने के बाद गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने सबसे पहले दिल्ली के आनंद विहार थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद मामला लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में ट्रांसफर किया गया, जहां पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
