एनपीए में कमी लाने के लिए वसूली पर विशेष जोर दिया जाए

Spread the love

सहकारिता मंत्री ने रुड़की में की डीसीबी की वार्षिक प्रगति की समीक्षा

दूरदर्पण न्यूज़ से तस्लीम अहमद की खास रिपोर्ट

रुड़की। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य के सहकारिता, स्वास्थ्य एवं माध्यमिक तथा उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, हरिद्वार के बीटी गंज मुख्यालय, रुड़की में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की प्रगति की समीक्षा करते हुए बैंक की शाखाओं को निक्षेप वृद्धि हेतु अभियान चलाकर लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, बैंक के एनपीए में कमी लाने के लिए वसूली एजेंसियों और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश सचिव/महाप्रबंधक को दिया गया।
सहकारिता मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने शाखा प्रबंधकों को अगले वित्तीय वर्ष में दीनदयाल योजना के अंतर्गत ₹50 करोड़ तक ऋण वितरण सुनिश्चित करने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में उन्होंने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए ‘लखपति दीदी’ अभियान को गति देने की अपील की तथा “एक वृक्ष मां के नाम” अभियान के तहत सहकारिता स्टाफ को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बैंक प्रशासक आकांक्षा कोंडे तथा सचिव/महाप्रबंधक वंदना लखेड़ा द्वारा मंत्री को एक रुद्राक्ष वृक्ष भेंट कर एक वृक्ष मां के नाम अभियान की शुरुआत की गई। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं बैंक प्रशासक आकांक्षा कोण्डे, जिला सहायक निबंधक पुष्कर सिंह पोखरिया, बैंक की सचिव/महाप्रबंधक वंदना लखेड़ा, उप-महाप्रबंधक विश्व विजय सिंह तथा चंद्र मोहन गुसाई सहित सहकारिता विभाग व जिला सहकारी बैंक के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *