मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का धंधा, पुलिस ने तस्कर दबोचा

Spread the love

दूरदर्पण न्यूज़ फरज़ाना खातून


मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का धंधा,

पुलिस ने तस्कर दबोचा



लक्सर। हरिद्वार को ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025’ बनाने के संकल्प के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन लगाम’ को लक्सर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता दिलाई है। सुल्तानपुर आदमपुर क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का काला कारोबार चला रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथ दबोच लिया। उसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुल्तानपुर आदमपुर का एक युवक मेडिकल स्टोर की आड़ में युवाओं को नशीली दवाएं बेच रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए, लक्सर पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई। 25 जुलाई की देर शाम पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक असद उर्फ गुलफाम पुत्र कुर्बान अली निवासी सुल्तानपुर को दबोच लिया। तलाशी के दौरान असद के पास से 66 नशीले कैप्सूल बरामद हुए, जिनका कुल वजन 38.28 ग्राम बताया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह लंबे समय से मेडिकल स्टोर की आड़ में युवाओं को ये प्रतिबंधित नशीली दवाएं बेच रहा था। पुलिस ने असद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया। लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी हरिद्वार के आदेश पर ‘ऑपरेशन लगाम’ के तहत क्षेत्र में गश्त और चेकिंग बढ़ा दी गई है, ताकि हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे के सौदागरों की कमर तोड़ना और युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालना है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे से मुक्त बनाने में सहयोग मिल सके।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *