दूरदर्पण न्यूज़ फरज़ाना खातून
कांवड़ मेले के अंतिम पड़ाव में पुलिस ने शिव चौक पर फिर बांटे फल और पानी
लक्सर। कांवड़ मेले के अंतिम दिन आज शिव चौक पर लक्सर पुलिस ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे डाक कांवड़ियों और शिव भक्तों को फल और पानी वितरित किए। यह पहल सेवा और श्रद्धा का अनुपम उदाहरण बनी।
लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे भारत से शिवभक्त हरिद्वार में गंगाजल लेने आते हैं और अपनी मनोकामना पूरी करने के लिए गंगाजल लेकर अपने घरों को लौटते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा भी थोड़ा फर्ज बनता है कि हम भी उनकी सेवा में कुछ कर सकें। इसी भावना के साथ पुलिस ने कांवड़ियों को फल और पानी वितरित किए।
रौथाण ने जोर देकर कहा कि हरिद्वार आने वाले शिव भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वे वापस जाकर यह बताएं कि हरिद्वार में पुलिस बल न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखता है, बल्कि सेवा का कार्य भी करता है।
आज के फल और पानी वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण, भीक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी नवीन सिंह चौहान, सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी, रायसी पुलिस चौकी प्रभारी नीरज रावत, उप निरीक्षक प्रियंका नेगी, हरीश गैरोला, आशीष भट्ट, कांस्टेबल सचिन कुमार, रियाज अली और दर्जनों अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
